हर हाथ में तिरंगा, हर दिल में देशभक्ति—ओजस्विनी ग्रुप ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान (9 से 17 अगस्त 2026) के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाइयों द्वारा ओजस्विनी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के इनफिनिटी मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग कॉलेज, ओजस्विनी नर्सिंग कॉलेज, ओजस्विनी हॉस्पिटल एवं ओजस्विनी फार्मेसी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन संस्था की चेयरपर्सन आदरणीय डॉ. सुधा मलैया जी के संरक्षण में किया गया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ संस्था के ग्रुप डायरेक्टर डॉ. डी. के. राजोरिया जी ने हरी झंडी दिखाकर ओजस्विनी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर से किया। यात्रा ग्राम बाबूपुरा होते हुए मुख्य सड़क मार्ग से वापस संस्था परिसर में आकर संपन्न हुई! हाथों में लहराते तिरंगे, राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीतों और “भारत माता की जय” के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उपस्थित लोगों से देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया गया। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को सशक्त करना तथा युवाओं एवं आम नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना रहा।
कार्यक्रम में संस्था की प्राचार्य डॉ. नवदीप कौर सलूजा, डॉ. अनु फौजदार, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मोहम्मद अशफ़ाक सिद्दीकी, श्रीमती गैब्रिएला लिंकन, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन NSS स्वयंसेवकों भारत अहिरवार, निखिल राव एवं शारदा पटेल द्वारा किया गया। तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका रही।


